

निवाड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को लीड बैंक कार्यालय निवाड़ी से डिजिटल वैन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक एवं प्रभारी लीड बैंक संतोष सिंह आयाम तथा एसबीआई सिविल लाइंस शाखा प्रबंधक आकाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर डिजिटल वैन को विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए रवाना किया।
यह अभियान भारतीय रिजर्व बैंक के प्रोजेक्ट Moneywise के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता केंद्र पृथ्वीपुर के माध्यम से AROH Foundation द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। इसके साथ ही बैंक खातों की री-केवाईसी, यूपीआई के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल भुगतान और बुनियादी वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी जाएगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं तथा उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी ग्रामीणों को अवगत कराया जाएगा।
डिजिटल वैन जिले की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक करेगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित करना और डिजिटल लेन-देन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के प्रति सजग बनाना है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल बैंकिंग का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। इस तरह के अभियान से आमजन सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने के साथ विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ भी बेहतर तरीके से प्राप्त कर सकेंगे।

