राजस्व कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, वसूली और फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के निर्देश

___________________________________________

निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री, लंबित राजस्व प्रकरणों और किसानों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने राजस्व वसूली के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने बड़े बकायादारों से सख्ती से वसूली करने तथा आरसी वसूली, भू-राजस्व, डायवर्सन टैक्स, नजूल एवं अन्य मदों की वसूली में विशेष ध्यान देने को कहा।
फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं तहसीलदार फील्ड में पहुंचकर किसानों की ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को अपने-अपने हल्कों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर मैदानी स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आरसीएमएस पोर्टल पर समय-सीमा से बाहर चल रहे सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। लक्ष्य से पीछे चल रहे राजस्व अमले को भी कड़े निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी एवं बैंक खातों की आधार लिंकिंग की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने ग्राम स्तर पर विशेष शिविर लगाकर पात्र किसानों के खातों को शत-प्रतिशत आधार से लिंक करने के निर्देश दिए ताकि किसानों की आगामी किस्तों में कोई बाधा न आए।
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण (जायद 2026) एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत नक्शा तरमीम कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से फसलों का सही एवं पारदर्शी डेटा दर्ज करने तथा स्वामित्व योजना के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एसडीएम निवाड़ी अशोक कुमार सेन, एसडीएम पृथ्वीपुर मनीषा जैन, एसएलआर लीना जैन, तहसीलदार जगदीश रंधावा, सुनील वाल्मीकि, शुभम मिश्रा सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।