___________________________________________
शुजालपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शुजालपुर में किसानों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना तथा किसानों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुरक्षा और आय वृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि गांवों से शहर आने वाले किसानों को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत सरकार हेलमेट उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह पहल की जा रही है।
किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मूंग के साथ बोई गई उड़द फसल पर भी राज्य सरकार 600 रुपये प्रति क्विंटल का विशेष बोनस प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर हाल में किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश ने इस वर्ष 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदी कर नया रिकॉर्ड बनाया है। साथ ही प्रदेश सरकार ने लगभग 14 लाख किसानों से गेहूं खरीदकर देश में सर्वाधिक गेहूं खरीदी का कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौवंश संरक्षण के लिए तेजी से गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन को वर्तमान 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। गौशाला संचालकों को चारे की व्यवस्था के लिए प्रति गाय 40 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

