
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 जून को सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त की राशि प्रदेश की पात्र महिलाओं के खातों में अंतरित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों के खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देवरी विधानसभा क्षेत्र को 190.85 करोड़ रुपये की लागत के 53 विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। इनमें 122.02 करोड़ रुपये की लागत के 28 निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन तथा 68.83 करोड़ रुपये की लागत के 25 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से देवरी एवं केसली विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनों की उपस्थिति रहने की संभावना है।

