सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को लगवाएं HPV वैक्सीन : शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए 14 वर्ष तक की बेटियों को HPV वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित कैंसर शिविरों के परिणामों ने उन्हें चिंतित कर दिया है, क्योंकि बड़ी संख्या में महिलाओं और किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई परिवार इस गंभीर बीमारी के कारण कम उम्र में ही अपनी बेटियों और बहनों को खो रहे हैं। हालांकि, सर्वाइकल कैंसर से बचाव पूरी तरह संभव है। इसके लिए HPV वैक्सीन एक प्रभावी उपाय है। यदि 14 वर्ष तक की आयु की बालिकाओं को समय पर यह टीका लगा दिया जाए, तो उन्हें इस बीमारी के खतरे से काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जब हम अपनी बेटियों के जीवन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचा सकते हैं, तो वैक्सीन लगवाने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए। सरकार द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों में यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी 14 वर्ष तक की बेटियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं और HPV वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन हमारी बेटियों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।
उन्होंने लोगों से जागरूकता बढ़ाने और इस महत्वपूर्ण अभियान में भागीदारी निभाने की भी अपील की, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

